भारत भ्रमण पर निकले रोविन कुशवाहा का मिहींपुरवा में भव्य स्वागत


बहराइच | मोतीपुर भारत भ्रमण पर निकले अखिल भारतीय यात्री रोविन उर्फ सनोज़ कुशवाहा का मिहींपुरवा नगर पंचायत पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। नगर पंचायत में जगह-जगह फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया गया और उनकी साहसिक यात्रा की सराहना की गई।
रोविन कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने 21 अक्टूबर 2022 से भारत भ्रमण की शुरुआत की थी और अब तक 28 राज्यों की यात्रा पूरी कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने लगभग 27,700 किलोमीटर पैदल तय किए हैं। उत्तर प्रदेश के भी 44 जिलों का भ्रमण कर चुके रोविन का कहना है कि यह यात्रा केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की विविध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक ताने-बाने को समझने का माध्यम है।
उन्होंने बताया कि वे भारतीय संस्कृति पर आधारित एक पुस्तक लिख रहे हैं, जिसमें विभिन्न राज्यों के रहन-सहन, लोक परंपराओं और लोगों के अनुभवों को संकलित किया जाएगा। उनकी यात्रा की शुरुआत पूर्वोत्तर भारत से हुई, जहां उन्होंने अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, असम और सिक्किम का भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़, बिहार, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु सहित देश के अनेक हिस्सों की यात्रा की।
नगर पंचायत वासियों ने कहा कि रोविन कुशवाहा जैसी यात्राएं आज के युवाओं को देश की संस्कृति से जोड़ने और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने का कार्य करती हैं। उनके स्वागत के दौरान स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की भी उपस्थिति रही।