
कसया, कुशीनगर। रोटरी क्लब कुशीनगर के तत्वावधान में रविवार को कसया स्थित होटल कलश में देश के चौथे स्तंभ पत्रकार बंधुओं के साथ होली मिलन एवं सम्मान समारोह ‘रंगोत्सव’ हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को रोटरी सदस्यों द्वारा अंगवस्त्रम, स्मृति चिन्ह, मिष्ठान और होली किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रंग, गुलाल और गीत-संगीत से सजी इस संध्या में प्रेम, सौहार्द और एकता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राजेश उर्फ गुड्डू पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व भेदभाव मिटाकर भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने रोटरी क्लब के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार रोटरी में सभी वर्गों के लोग मिलकर सेवा कार्य करते हैं, उसी प्रकार समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए भी सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। “बंटा हुआ समाज और राष्ट्र कभी तरक्की नहीं कर सकता, अनेकता में एकता ही रंगोत्सव का वास्तविक संदेश है।” उन्होंने होली गीत गाकर सभी को शुभकामनाएं भी दीं।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि व रोटरी संरक्षक राकेश जायसवाल ने पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी का उद्देश्य सदैव समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देना रहा है। रंगोत्सव के माध्यम से न केवल होली का उत्सव मनाया जा रहा है, बल्कि समाज में जागरूकता और सद्भावना का संकल्प भी लिया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि कुशीनगर महोत्सव के संयोजक विनय राय ने कहा कि रोटरी क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और मानव कल्याण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का कार्य करते हैं।
रोटरी के सह संरक्षक वाहिद अली ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम और एकता का प्रतीक है। अध्यक्ष अजय सिंह ने सत्र 2025-26 में रोटरी द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत करते हुए सभी को बधाई दी। अधिवक्ता प्रभुनाथ मिश्रा ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन वाहिद अली ने किया।
इस अवसर पर रोटरी पदाधिकारी, सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।