राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर “गृह महासंपर्क अभियान” की शुरुआत

हरदोई/कछौना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में व्यापक “गृह महासंपर्क अभियान” की शुरुआत की गई। कछौना नगर व खंड में संघ स्वयंसेवकों ने घर-घर पहुँचकर समाज के प्रति स्नेह, सेवा और राष्ट्रभाव का संदेश दिया। संघ ने स्पष्ट किया कि शताब्दी वर्ष का यह आयोजन केवल संघ का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के सर्वांगीण उत्थान का व्यापक राष्ट्रीय संकल्प है।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने संघ की 100 वर्षों की यात्रा, पंच परिवर्तन तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुँचाया। प्रत्येक घर में भारत माता का चित्र, शताब्दी वर्ष साहित्य, पत्रक एवं कर्तव्य, स्वदेशी, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण संबंधी स्मृति पुस्तिका भेंट की गई।
यह विशेष संपर्क अभियान 20 नवंबर से 21 दिसंबर 2025 तक पूरे खंड में चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचकर संगठन, सद्भाव व नागरिक अनुशासन का संदेश दिया जाएगा।

अभियान के माध्यम से शाखाओं, सेवा गतिविधियों, संस्कार वर्गों और स्थानीय स्तर पर चल रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी भी नागरिकों तक पहुँचाई गई। स्वयंसेवक घर-घर जाकर यह संदेश दे रहे हैं कि एक संगठित, जागरूक व संस्कारित समाज ही एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।

अभियान के दौरान जिला प्रचारक कमलेश, खंड प्रचारक पुनीत, शशांक, मयंक सिंह, अजय बाजपेयी सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे।