पत्नी के मायके जाने से आहत युवक ने लगाई फांसी, मौतछोटी बहन की दुकान से टॉफ़ी दिलाने गई थी बेटी, तभी दी घटना को अंजाम

आगरा/रुनकता। पत्नी के मायके चले जाने से अवसादग्रस्त हुए युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पीली पोखर निवासी करीब 40 वर्षीय विपिन पुत्र श्यामवीर सिंह बीते 10 साल से रुनकता रेलवे लाइन स्थित शांति कॉलोनी में परिवार संग रह रहा था। बताया गया कि विपिन प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था लेकिन शराब की लत के कारण पत्नी से आए दिन झगड़ा रहता था। चार दिन पहले पत्नी रजनी मायके चली गई थी। शनिवार सुबह ही विपिन अपनी दो बेटियों वैष्णवी और दुर्गा को बुआ के घर से लेकर आया था।

दोपहर में जब बड़ी बेटी वैष्णवी छोटी बहन को टॉफ़ी दिलाने दुकान पर गई, तभी विपिन ने घर में फांसी का फंदा लगा लिया। पड़ोसियों ने देखा तो शोर मचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पहले भी लगाई थी फांसी, बेटी ने बचाया था

करीब एक माह पूर्व भी विपिन ने फांसी लगाने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय उसकी नौ वर्षीय बेटी शिप्रा ने हिम्मत दिखाते हुए रस्सी काट दी थी और पिता की जान बचाई थी।

18 लाख रुपए का लेन-देन

मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता का किसी जानकार पर लगभग 18 लाख रुपए का बकाया था। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है कि मामला रुपए के लेन-देन से जुड़ा है या फिर पत्नी के मायके जाने से उपजे विवाद से।

पुलिस ने कहा कि पत्नी के आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई है।