
रुनकता। सवारी बनकर महिलाओं के साथ ऑटो में बैठकर उनके आभूषण और नगदी पार करने वाली अंतरराज्यीय गैंग की दो महिलाओं को पुलिस ने दबोचकर जेल भेज दिया है। पकड़ी गई महिलाओं ने करीब छह दिन पहले भी वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को शादी समारोह से लौटते समय रुनकता के पास एक परिवार की महिला का मंगलसूत्र झपटकर दोनों महिलाओं ने भाग निकली थी। घटना की शिकायत मिलने पर थाना सिकंदरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की।
सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने रुनकता ओवर ब्रिज के पास अंतरराज्यीय गिरोह की दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई महिलाओं के पास से 44,600 रुपये नगद भी बरामद हुए। गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि 27 अक्टूबर को लूटे गए मंगलसूत्र को राहगीर को 49,500 रुपए में बेचकर दोनों ने बराबर हिस्से में पैसा बांटा था।
चौकी इंचार्ज नीलेश शर्मा ने बताया कि सर्विलांस की मदद से टीम ने टेंपो में वारदात करने वाली अंतरराज्यीय गैंग की दोनों महिलाओं को पकड़कर जेल भेजा है।