
रुनकता। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही चोरों ने रुनकता में सक्रिय होकर दो कॉलोनियों को निशाना बनाया।
हरिओम हाउसिंग कॉलोनी:
बीती रात चोरों ने कॉलोनी में लगे ट्रांसफार्मर से हजारों रुपए का कॉपर निकाल लिया। इसके साथ ही कॉलोनी में लगी समर सेविल पंप को भी उखाड़ ले गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर ही कॉलोनीवासियों को मिली। नव निर्मित कॉलोनी ने अब तक कोई तहरीर नहीं दी है।
कादंबरी पार्क कॉलोनी:
शिकोहाबाद के परचून व्यवसायी सुनील कुमार के घर में शुक्रवार रात करीब आधा दर्जन चोर घुसे। घर पर केवल अकेली सुनीता जादौन मौजूद थी। चोरों ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सुनीता के जागरूक होने पर चोर भाग खड़े हुए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
सुनील कुमार ने चौकी में तहरीर देकर पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की। चौकी इंचार्ज नीलेश शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के लिए कॉलोनियों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।