रुपईडीहा में 151 वेदियों पर महिलाएं करेंगी छठ मईया की आराधना

बहराइच। रुपईडीहा के हनुमंत सरोवर पर इस वर्ष छठ पर्व को भव्य रूप से मनाने के लिए 1 सौ 51 वेदियां बनाई गई हैं। तालाब पर 3 दिन की सफाई के बाद पूजा स्थल तैयार किया गया है। इस संबंध में छठ पूजन समिति रुपईडीहा के कोषाध्यक्ष रिंकू अवस्थी ने बताया कि महिलाएं सोमवार की शाम अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगी।

तालाब की उत्तर और पश्चिम दिशा में वेदियों का निर्माण किया गया है। वहीं, दक्षिण और पूर्व दिशा में सीढ़ियां न होने के कारण श्रद्धालुओं के लिए जगह कम पड़ रही है। महोत्सव समिति के अध्यक्ष और सभासद नरेंद्र मदेशिया ने बताया कि हनुमान मंदिर के पुजारी ने स्थगन आदेश जारी कर सीढ़ियां बनाने से रोका है। इसके अलावा, वर्षभर तालाब में कूड़ा फेंकने की समस्या बनी रहती है, जिससे समिति को हजारों रुपये खर्च कर सफाई करानी पड़ती है। नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने इस कार्य में सक्रिय सहयोग किया है।

समिति के संरक्षक मंडल देवी प्रसाद मदेशिया, कमल मदेशिया, सुरेंद्र मदेशिया तथा संयोजक सुशील बंसल और महामंत्री शनि सिंह अपने सहयोगियों के साथ पर्व को भव्य बनाने में जुटे हैं। पूजा स्थल का निरीक्षण रुपईडीहा प्रभारी निरीक्षक आर.एस. रावत ने किया और सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन भी दिया।