एक जांच काउंटर बना परेशानी का कारण, लगती है लंबी लाइन

बहराइच। रुपईडीहा एसएसबी 42वीं वाहिनी की बीओपी पर प्रतिदिन भारी भीड़ और लंबी लाइनें स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। नेपाल आने-जाने वाले सीमावर्ती नागरिकों को एकमात्र जांच काउंटर के कारण घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता है। स्थिति ऐसी है कि सुबह से लेकर शाम तक लोगों की लाइन खत्म होने का नाम नहीं लेती।

स्थानीय नागरिकों ने कई बार एसएसबी के उच्चाधिकारियों से मांग की कि दोनों ओर जांच के लिए काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए तथा जवानों की तैनाती बढ़ाई जाए, ताकि आने-जाने वालों को राहत मिल सके। लेकिन बार-बार की मांग के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में नाराजगी है।

सर्दी के मौसम में ठिठुरन के बीच लाइन में इंतजार करना और अधिक मुश्किल हो गया है। गर्मी में लोग तपते थे तो बरसात में भीगते हुए घंटों खड़े रहना पड़ता था, लेकिन एसएसबी की ओर से इस अमानवीय और कष्टदायक व्यवस्था में आज तक कोई सुधार नहीं हुआ।

सीमावर्ती नाहरिकों ने एक बार फिर मांग दोहराई है कि जांच काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि भारत-नेपाल के बीच आवागमन सुचारू और सरल हो सके।