कासगंज: बीती रात दो बाइकों की भिड़ंत में अब तक तीन की मौत, परिवार में मचा कोहराम

कासगंज। जनपद कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में मासूम बच्ची रिया (5) ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बीती देर रात दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में पहले ही दो युवकों की मौत हो चुकी थी। अब बच्ची की मौत से गांव और परिजनों में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, सोरों कोतवाली क्षेत्र के नगला रामचन्द्र निवासी रूप किशोर पुत्र ओमप्रकाश अपने साथी नितिन पुत्र हेतराम और रवि के साथ किसी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में रूप किशोर और दूसरी बाइक पर सवार 19 वर्षीय अंशुल पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम मामो की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि नितिन, रवि समेत दूसरी बाइक पर सवार 12 वर्षीय लवकुश पुत्र बृजपाल और 5 वर्षीय रिया पुत्री रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए सभी को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं उपचार के दौरान मासूम रिया ने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने बताया कि रिया कक्षा 1 की छात्रा थी। उसका एक छोटा भाई कार्तिक है। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां ममता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गमगीन माहौल है।