सड़क सुरक्षा को लेकर सरस्वती शिशु मन्दिर में जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

फतेहपुर-बाराबंकी। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से मंगलवार को सरस्वती शिशु मन्दिर इंटर कॉलेज में वंदना सत्र के दौरान एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रिंसिपल वीरेंद्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के प्रयोग और नशे की अवस्था में वाहन न चलाने की सख्त सलाह दी। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने परिजनों और रिश्तेदारों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक करें।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं सुशील सिंह, जाह्नवी नाग, वैष्णवी आश्विक जायसवाल एवं संध्या राज ने सड़क सुरक्षा को लेकर अपने-अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रिंसिपल ने सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
यह जागरूकता कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए शिक्षाप्रद सिद्ध हुआ, बल्कि समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा गया।