सद्भावना जनजागरण शोभायात्रा निकाल मानव उत्थान सेवा समिति ने दिया एकता और आत्मज्ञान का संदेश

हरदोई। नववर्ष एवं मानव धर्म के प्रणेता परम पूज्य सद्गुरुदेव सतपाल जी महाराज के सुपौत्र श्रियांश के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को श्रीहंस योग आश्रम हरदोई से भव्य सद्भावना जनजागरण शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ आश्रम प्रभारी महात्मा विद्युतानंद एवं भारतीय जनता पार्टी महिला जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
शोभायात्रा सिनेमा चौराहा स्थित अटल चौराहा, बड़ा चौराहा, मुन्नेमियां चौराहा, आईटीओ ऑफिस, धर्मशाला रोड, सोल्जर बोर्ड चौराहा, कचहरी रोड और जेल रोड होते हुए उद्यान पार्क स्थित श्रीहंस योग आश्रम पर जाकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष महापुरुषों के चित्रों एवं मानव धर्म के झंडों के साथ शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान भगवद्भक्तों ने “जागे हैं, जगाएंगे, आत्मज्ञान फैलाएंगे”, “जब फैलेगा आत्मज्ञान तभी बनेगा देश महान”, “मेरा देश कैसा हो, राम राज्य जैसा हो”, “आत्मज्ञान कहां मिलेगा, सद्गुरु के दरबार में” जैसे गगनभेदी आध्यात्मिक नारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
उद्यान पार्क स्थित आश्रम परिसर में महात्मा रामखेलावन एवं महात्मा विद्युतानंद द्वारा दीप प्रज्वलन कर सद्भावना संत समागम का शुभारंभ किया गया। गुरु वंदना के पश्चात महात्मा विद्युतानंद ने गीता, रामायण एवं वेद-शास्त्रों के आधार पर आध्यात्मिक प्रवचन देते हुए कहा कि सद्भावना मानव का महान गुण है और राग-द्वेष जैसे विकारों से मुक्त होने के लिए आत्मज्ञान परम आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आत्मज्ञान के बिना मानव जीवन अधूरा है और भौतिक जगत में आध्यात्मिक चेतना की अत्यंत आवश्यकता है।
कार्यक्रम का समापन आरती, प्रसाद वितरण एवं भंडारे के साथ हुआ। आयोजन में नंदराम, पंकज मौर्य, विमलेश, कैलाश, रामनाथ, शिवम गुप्ता, रामशंकर, रामराज, विनोद, रामप्रकाश, रामसहाय, बिहारीलाल, राजकिशोर गुप्ता, सुमन गुप्ता, रौशनी, कविता, सौम्या गुप्ता, सोनी देवी, प्रभावती, शिवानी सैनी, सूरजमुखी, किरण सोनी, सावित्री देवी सहित अनेक श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा।