गांव सकतपुर में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, ग्रामीणों में आक्रोश

किरावली (आगरा)।
तहसील के गांव सकतपुर में मुख्य रास्ते पर जलभराव की भीषण समस्या ने ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बरसात का पानी और निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण रास्ता दलदल में बदल गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि राहगीरों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीण बने सिंह पहलवान, प्रेम सिंह सूबेदार, पूर्व प्रधान रमेश सिंह और कल्याण सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार से विकास कार्यों के लिए धन तो आता है, लेकिन उसका सही उपयोग नहीं होता।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि गांव में जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।