
लखीमपुर खीरी, 06 दिसंबर। शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर के लोक सभागार में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एसपी संकल्प शर्मा, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीएम ने समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं की गहन सुनवाई की। कई मामलों में पुलिस व राजस्व टीमों को मौके पर निस्तारण हेतु भेजा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि फरियादी को अनावश्यक भाग-दौड़ न करनी पड़े और निस्तारण की कार्यवाही से फरियादी संतुष्ट हो।
इस दौरान कुल 49 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किए गए, जिनमें 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। विभागवार प्रार्थना पत्र इस प्रकार थे: राजस्व 21, पुलिस 14, विकास 04, नगर निकाय 04, पूर्ति निरीक्षक 03, विद्युत 02, कृषि 01। सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु उपलब्ध कराए गए।
समारोह में एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, तहसीलदार मुकेश कुमार, बीडीओ सुमित कुमार सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, संगीता यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।