
नीमगांव खीरी। मितौली विकासखंड के पकरिया बाजार में समर सत्ता खिचड़ी भोज के अवसर पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर रहे। उन्होंने कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में आयोजक पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजीव वर्मा तथा स्वागत कांक्षी जिला पंचायत प्रत्याशी अमन वर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। शुभारंभ सरस्वती प्रतिमा एवं महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर तथा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।
उद्घाटन के पश्चात आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी ओजपूर्ण, हास्य एवं श्रृंगार रस से भरपूर रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों की मधुर वाणी और हास्य व्यंग्य से कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। खिचड़ी भोज के साथ कवि सम्मेलन ने आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।