
बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो छोटे से छोटे कार्यकर्ता का भी पूरा ख्याल रखती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर नजर रखते हैं और समय आने पर उन्हें सम्मानित भी किया जाता है। यह बातें विधानसभा क्षेत्र नवाबगंज के ग्राम पंचायत कुरौली स्थित एक लॉन में आयोजित समरसता भोज कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता राम अवध यादव ने कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को जो सम्मान मिलता है, वह किसी अन्य दल में देखने को नहीं मिलता। राम अवध यादव ने कहा कि समरसता भोज जैसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा मजबूत होता है और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी दावेदारी भी स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि पार्टी ने उन्हें नवाबगंज विधानसभा से टिकट दिया, तो वे चुनाव जीतकर दिखाएंगे, अन्यथा राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
समरसता भोज के आयोजन से पूर्व भाजपा नेता राम अवध यादव ने क्षेत्र से आए वरिष्ठ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजीव वर्मा, राम मनोरथ प्रजापति, उमेश यादव, बिंद्रा प्रसाद वर्मा, संतोष लोधी, अनिल कुमार यादव, विष्णु यादव, विकास यादव, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं निषाद पार्टी की रीना धीमान, मनीष चौहान, रामजी निषाद, पवेन्द्र सिंह, शिव कुमार वर्मा, सार्थक शुक्ला, रोहित द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।