
महराजगंज (जौनपुर)। क्षेत्र के अमारी गांव में अवधेश सिंह के आवास पर अखंड राजपूताना सेवासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.पी. सिंह दुर्गावंश के नेतृत्व में सनातन धर्म पर एक बौद्धिक संवाद का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति तथा विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी रहीं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि सनातन धर्म आत्म-साक्षात्कार और आत्मा का परमात्मा से मिलन कराता है। यह शाश्वत सिद्धांतों पर आधारित है और नैतिक व आध्यात्मिक जीवन जीने का मार्ग दिखाता है। योग, ध्यान और ज्ञान के माध्यम से व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज सेवा और जन-जागरण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद सनातन धर्म के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है, क्योंकि सनातन ही हमारी मूल विचारधारा है।
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बौद्धिक संवाद के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.पी. सिंह दुर्गावंश द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को अंगवस्त्र और श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमद्भागवत ग्रंथ का अध्ययन प्रत्येक व्यक्ति को अवश्य करना चाहिए, क्योंकि यह महान ग्रंथ हमें धर्म और सदाचार से जोड़ता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेम शंकर सिंह (पूर्व प्रधानाचार्य) ने की, जबकि संचालन अखिलेश सिंह ने किया। आयोजन कर्मवीर सोशल फाउंडेशन द्वारा संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर राजपूताना जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह, सत्यनारायण सिंह (जिला संरक्षक), पंकज मिश्रा (सपा नेता), सरनाम सिंह, योगेश सिंह, अवधेश सिंह, शुभम काशी, कुंवर प्रदीप सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह, सिद्धार्थ सिंह, प्रमोद के. सिंह, विनय कुमार शाही, राजेश जे. सिंह, नंद दिवाकर सिंह, राजकुमार सिंह (ब्लॉक प्रमुख), ज्योतिषाचार्य पवन सिंह, अभिषेक प्रताप सिंह (उद्योगपति), गीता मनीषी व शेखर विष्णु दास, सत्यम सिंह, आशीष सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।