
लखीमपुर-खीरी। विद्याभारती विद्यालय सनातन धर्म सरस्वती शिशु मंदिर मिश्राना में शनिवार को मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम पूर्ण हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री रमेश कुमार प्रजापति (अध्यक्ष, योग वेदांत सेवा समिति) एवं प्रधानाचार्य मुनेन्द्र दत्त शुक्ल द्वारा मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन एवं वंदना के साथ किया गया।
प्रधानाचार्य ने अतिथियों का स्वागत रोली, बैज एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर किया। कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि जहां पाश्चात्य सभ्यता से प्रेरित समाज इस दिवस को “वेलेंटाइन डे” के रूप में मनाता है, वहीं विद्याभारती विद्यालयों में इसे “मातृ-पितृ पूजन दिवस” के रूप में मनाकर भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ किया जाता है।
योग वेदांत सेवा समिति के सदस्यों ने वैदिक विधि-विधान से मातृ-पितृ पूजन संपन्न कराने में विद्यालय का सहयोग किया। इस अवसर पर ध्रुवी निगम, अनिष्का एवं निष्ठा भल्ला ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संयोजन आचार्या गरिमा बक्शी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के लगभग 126 अभिभावक सपत्नीक उपस्थित रहे। शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर शिशु मंदिर का समस्त आचार्य परिवार मौजूद रहा।