
संडीला, हरदोई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज संडीला में बुधवार को मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीना के निर्देशन में संडीला थाना क्षेत्र की एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान थाना संडीला एंटी रोमियो प्रभारी करुणेश पाठक, आरक्षी सूरज यादव, महिला आरक्षी प्रियंका राजपूत और महिला आरक्षी शिवा ने छात्राओं से संवाद किया और उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों और कोचिंग सेंटरों के बाहर संदिग्ध व्यक्तियों और मनचलों के प्रति कड़ी चेतावनी भी जारी की।
महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रतिषेध, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध और महिलाओं की गरिमा से जुड़े अन्य अपराधों के बारे में जानकारी दी।
उप निरीक्षक करुणेश पाठक ने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, जिनमें शामिल हैं:
वीमेन पावर लाइन: 1090
पुलिस आपातकालीन सेवा: 112
सीएम हेल्पलाइन: 1076
चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
वन स्टॉप सेंटर: 181
साइबर हेल्पलाइन: 1930
साथ ही स्थानीय थाना हेल्प डेस्क और महिला आयोग से जुड़ी सेवाओं के बारे में भी बताया गया, जिससे छात्राओं को सजग और सतर्क रहने का संदेश दिया गया।