
संडीला, हरदोई। पुलिस लाइन से नए भर्ती हुए रिक्रूट्स को शांति व्यवस्था और सुरक्षा के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कस्बे के प्रमुख बाजार, संवेदनशील स्थल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गस्त करने का महत्व समझाया गया।
रिक्रूट्स को स्थानीय सुरक्षा नियमों, नागरिकों के साथ संवाद और संवेदनशील परिस्थितियों में सतर्क रहने की बारीकियां भी सिखाई गईं। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संडीला विद्या सागर पाल के निर्देशन में रिक्रूट्स को संवेदनशील स्थलों पर पैदल गस्त कराया गया। गस्त के दौरान उन्होंने नागरिकों से संपर्क कर पुलिस की उपस्थिति और सुरक्षा उपायों की जानकारी साझा की, जिससे नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियों से नए रिक्रूट्स का अनुभव बढ़ता है और नागरिकों को पुलिस की तत्परता और सुरक्षा में विश्वास होता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समय-समय पर प्रशिक्षण और पैदल गस्त अभियान जारी रहेंगे, ताकि कस्बे में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस अभियान से संडीला के प्रमुख बाजार और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी मजबूत हुई और पुलिस-जन संवाद को भी बढ़ावा मिला।