लखनऊ: संजय दत्त पहुंचे एयरपोर्ट, समर्थकों में दिखा जबरदस्त उत्साह

लखनऊ। मशहूर फिल्म अभिनेता संजय दत्त के लखनऊ आगमन पर समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही और प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे।
बताया जा रहा है कि संजय दत्त वरिष्ठ नेता डॉ. राजेश्वर सिंह के साथ पर्यावरण जागरूकता रोड शो में शामिल होंगे। यह रोड शो सरोजिनी नगर क्षेत्र से शुरू होगा, जहां पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उन्हें सकारात्मक सामाजिक अभियानों से जोड़ना है। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को ‘पर्यावरण वीर’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर आयोजित इस विशेष अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है। रोड शो के जरिए संजय दत्त पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे और लोगों से हरित भविष्य के लिए आगे आने की अपील करेंगे।