
लखीमपुर खीरी। रविवार को संयुक्त निदेशक डॉ. अमित सिंह ने ओयल स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन किया और वहां रह रहे वृद्धजनों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य व सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उपचार व्यवस्था, जांच प्रक्रिया और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि संयुक्त निदेशक के निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 25 वृद्धजनों के एक्स-रे कराए गए। वहीं टीबी के लक्षण पाए जाने पर 9 वृद्धजनों के बलगम के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। इसके अतिरिक्त शिविर में 56 लोगों की डायबिटीज जांच भी की गई। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर वृद्धजन संतुष्ट नजर आए और उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर सकारात्मक फीडबैक भी दिया।
निरीक्षण के समय कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत, डिप्टी डीटीओ डॉ. नवीन गुप्ता सहित जिला क्षय रोग कार्यालय की टीम उपस्थित रही। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वृद्धजनों के स्वास्थ्य हित में आगे भी नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जाएंगी।