
अमर भारती ब्यूरो | राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर रविवार को सोहनपुर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरीशचंद्र तिवारी ने कहा—
“सरदार पटेल केवल भारत के नहीं बल्कि विश्व के गौरव पुरुष थे। उन्होंने आजीवन जोड़ने का कार्य किया, कभी तोड़ने का नहीं। अगर आज हम एक मजबूत राष्ट्र के रूप में खड़े हैं तो उसका श्रेय उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रनिष्ठा को जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार ने हमारे युगपुरुषों को सम्मानित करने का जो कार्य किया है, वह सराहनीय है। युवा पीढ़ी को सरदार पटेल से प्रेरणा लेकर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना चाहिए।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा ने बताया कि—
“सोहनपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा मेरे पिता स्व. हरिकेवल प्रसाद द्वारा लगाई गई थी। उनके निधन के बाद उसका अनावरण मैंने किया। पटेल जयंती हमें प्रेरणा देती है कि हम समाज और राष्ट्रहित में उनके आदर्शों पर चलें।”
इस अवसर पर जयनाथ कुशवाहा (गुड्डन), बादल सिंह रघुवंशी, सीमा कुशवाहा, संतोष पटेल, सिकंदर मौर्या, नागेंद्र प्रसाद, श्याम बिहारी कुशवाहा और अवधेश सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।