
सारंगपुर रोड फतेहाबाद में एक दिवसीय कृषि मेला व गोष्ठी का आयोजन, किसानों को मिली आधुनिक तकनीकों की जानकारी
फतेहाबाद। उप संभागीय कृषि प्रसार केन्द्र, सारंगपुर रोड फतेहाबाद पर शुक्रवार को एक दिवसीय कृषि मेला एवं गोष्ठी का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों, महिलाओं एवं कृषि से जुड़े युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, फसल संरक्षण उपायों, आधुनिक कृषि उपकरणों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में पार्टी की ओर से जिला मंत्री बबीता चौहान एवं मंडल अध्यक्ष योगेश चौहान ने उपस्थित होकर किसानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ किसानों को नवीन तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे कृषि उत्पादन बढ़े और किसानों की आय में सुधार हो सके।
कृषि विभाग के विशेषज्ञ सुरेंद्र सिंह, अजीत सिंह, डॉ. राधेश्याम, राम कुमार एवं अजय शर्मा ने जैविक खेती, मिट्टी परीक्षण, फसल विविधीकरण, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं उन्नत बीजों के लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी ताकि खेती अधिक लाभकारी बन सके।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मुन्नालाल त्यागी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। गोष्ठी के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान सुझाया गया। कार्यक्रम के अंत में किसानों को विभागीय साहित्य एवं उपयोगी कृषि सामग्री का वितरण किया गया।