
लखीमपुर खीरी। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल के संयोजन में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती का भव्य आयोजन शहर के रॉयल पैराडाइज़ में किया गया। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, पूर्व विधायकों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बालकुमार पटेल ने कहा कि आज़ादी के बाद जब देश सैकड़ों रियासतों में बंटा हुआ था, तब सरदार पटेल ने अपनी अद्भुत कार्यकुशलता से 562 रियासतों को भारत संघ में मिलाकर अखंड भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि “अगर सरदार पटेल का सूझबूझ भरा दृष्टिकोण न होता तो आज का भारत इतना सशक्त और विशाल न होता।”
सांसद उत्कर्ष वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अखिलेश यादव सरदार पटेल के नाम पर एक मॉडर्न टेक्निकल यूनिवर्सिटी की स्थापना करेंगे, ताकि युवाओं के सपनों को दिशा मिल सके। सांसद आनंद भदौरिया ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए मजबूत फैसले लिए, और आज यह हमारा संकल्प है कि उनके बताए रास्ते पर चलकर देश को और मजबूत बनाएं।
आयोजक अनुराग पटेल ने कहा कि “सरदार पटेल का जो रास्ता था, वही आज PDA (पीड़ा, दमन और अन्याय के खिलाफ एकता) का रास्ता है। भाजपा उनके विचारों के विपरीत काम कर रही है, समाज में नफरत और विभाजन फैला रही है।” उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने स्वयं आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था, क्योंकि वह साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का कार्य कर रही थी।
पूर्व एमएलसी शशांक यादव ने कहा कि भाजपा अपने असफल शासन से ध्यान हटाने के लिए सरदार पटेल की छवि का उपयोग करती है, जबकि उसकी नीतियां देश को कमजोर कर रही हैं। पूर्व विधायक रामसरन, विनय तिवारी और दाऊद अहमद ने कहा कि भाजपा की नीतियों से देश की सीमाएं सिकुड़ रही हैं, विदेश नीति और अर्थव्यवस्था चरमराई हुई है, और सरकार हर मोर्चे पर विफल है।
जिलाध्यक्ष रामपाल यादव ने कहा कि सरदार पटेल ने सभी रियासतों को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया था, जो आज भी हमारी एकता की पहचान है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव, महामंत्री अंसार महलूद, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, पूर्व विधायक विनय तिवारी, दाऊद अहमद, रामसरन, सुनील लाला, शमशेर बहादुर सिंह, मो. कय्यूम खान, पलिया प्रत्याशी प्रितेंद्र सिंह कक्कू, धौरहरा प्रत्याशी वरुण चौधरी, महिला सभा राष्ट्रीय महासचिव तृप्ति अवस्थी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।