नगर की गलियों में घूमे सतीश शर्मा, गरीबों को कम्बल बांटे और रैन बसेरों का किया निरीक्षण


बाराबंकी।प्रदेश के राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने बीती शुक्रवार की देर रात नगर की गलियों में जाकर ठण्ड से ठिठुर रहे गरीबों को कम्बल वितरित किए और रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उनके साथ तहसीलदार नवाबगंज सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सतीश शर्मा ने रैन बसेरों में रुके यात्रियों से उनका परिचय लिया और उन्हें अपनापन दिखाते हुए कम्बल दिए। इसके अलावा, उन्होंने केयरटेकरों को निर्देशित किया कि रैन बसेरे में कोई भी बाहरी व्यक्ति सुरक्षित रहे और उसके साथ किसी प्रकार का गलत व्यवहार न हो।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुसार जिले के जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी पिछले दिनों झोपड़पट्टियों, गरीब महिलाओं, दिव्यांगों और बेसहारों को चिन्हित कर कम्बल वितरित कर रहे हैं। सतीश शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास खंडों में हजारों गरीबों और जरूरतमंदों को कम्बल बांटे। इसमें बनीकोडर की ग्राम पंचायत सूरजपुर में लगभग 600 लोगों को, रामसनेहीघाट और टिकैतनगर में कई गरीबों को और सिरौलीगौसपुर की ग्राम पंचायत महमूदाबाद में 1000 लोगों को कम्बल वितरित किया गया।
सतीश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है कि गरीबों और बेसहारों की हर संभव मदद की जाए। आने वाले दिनों में भी जिले में जिला प्रशासन के सहयोग से गरीबों को चिन्हित कर कम्बल वितरित किए जाएंगे। उनके इस सराहनीय प्रयास की स्थानीय गरीब और मजदूर सराहना कर रहे हैं।