
फतेहपुर-बाराबंकी। क्षेत्र में बढ़ती ठंड और गलन के बीच प्रशासन अलर्ट मोड़ पर है। बुधवार की शाम एसडीएम कार्तिकेय सिंह और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने फतेहपुर क्षेत्र के विभिन्न शराब ठेकों का औचक निरीक्षण किया। इस आकस्मिक कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
मालूम हो कि एसडीएम कार्तिकेय सिंह के नेतृत्व में सीओ जगतराम कनौजिया और आबकारी निरीक्षक गजेंद्र प्रसाद ने क्षेत्र के कस्बा फतेहपुर स्थित मांडल शाप न0-3 और ग्राम कसियापुर की देशी शराब की दुकान पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों में मौजूद शराब के स्टॉक का मिलान किया। इसके साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित रेट सूची और बोतलों पर अंकित एक्सपायरी तिथि की भी गहनता से जांच की गई।
इसके बाद आबकारी निरीक्षक ने संगम चौराहा, हैदरगंज चौराहा, रीवा-सीवा स्थित कंपोजिट शराब आदि दुकानों का निरीक्षण किया। इस मौके पर एसडीएम कार्तिकेय सिंह और आबकारी निरीक्षक गजेंद्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से बताया कि इस तरह के औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मिलावटी, अवैध या एक्सपायरी शराब की बिक्री को रोकना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड के मौसम में जनहानि की आशंका को देखते हुए इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से किए जा रहे हैं।