विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत एसडीएम व विधायक नानपारा ने किया बूथों का निरीक्षण

बहराइच। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र नानपारा के सभी बूथों पर आयोजित मेगा कैम्प एवं खुली बैठकों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने व संशोधन हेतु फॉर्म जमा कराए गए। इसी क्रम में रविवार 18 जनवरी 2026 को विधायक नानपारा राम निवास वर्मा एवं उपजिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने भाग संख्या 243 व 244 प्राथमिक विद्यालय कोटवा, भाग संख्या 218 से 223 श्री शंकर इंटर कॉलेज नानपारा तथा भाग संख्या 126 व 127 उच्च प्राथमिक विद्यालय हाडाबसहरी स्थित बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बीएलओ, सुपरवाइजर एवं अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन किया गया। उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने मतदाताओं की समस्याएं सुनीं और बीएलओ को निर्देश दिए कि शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं और सभी सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकाधिक भ्रमण कर अभियान को सफल बनाएं। खुली बैठकों में विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए, सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल, टैक्स कलेक्टर, सेनेटरी इंस्पेक्टर, सफाई कर्मी, पार्षद, पंचायत सदस्य, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, ग्राम प्रधान, बीसी सखी, राशन डीलर, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।