सेवानिवृत्त डीजी तिलोत्तमा वर्मा सहित तीन वरिष्ठ IPS अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय में भावपूर्ण विदाई

लखनऊ। पुलिस मुख्यालय में आयोजित भावपूर्ण विदाई समारोह में सेवानिवृत्त हो रहीं पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) तिलोत्तमा वर्मा, पुलिस अधीक्षक (वाणिज्य कर) प्रकाश स्वरूप पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक (तकनीकी सेवाएँ) शिवाजी को उनके दीर्घ, उत्कृष्ट और अनुकरणीय सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए, जबकि डीजी तिलोत्तमा वर्मा ने अपने 35 वर्षों के समृद्ध कैरियर, विभिन्न दायित्वों, सुधारों तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय योगदानों का उल्लेख करते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक समेत कई महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त रहे हैं।

प्रकाश स्वरूप पाण्डेय की PPS से IPS तक की यात्रा उल्लेखनीय नेतृत्व, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण रही। वहीं पुलिस अधीक्षक शिवाजी ने 27 वर्षों में फील्ड पोस्टिंग, तकनीकी सेवाओं व प्रशासनिक दायित्वों में अपनी दक्षता से महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने तीनों अधिकारियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल व सफल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।