
वखीमपुर (खीरी)। वरिष्ठ नागरिक दिवस के पावन अवसर पर बुधवार को जिला प्रशासन के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवानिवृत्त पेंशनर संगठन के पदाधिकारियों एवं पेंशनरों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने प्रशिक्षु आईएएस मनीषा, पीडी एसएन चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह और डीएसडब्ल्यूओ वंदना सिंह के साथ वरिष्ठजन पेंशनर्स को माल्यार्पण और शाल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं दी और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन अपने अनुभव से समाज और नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाते हैं तथा परिवार की नींव को मजबूत बनाते हैं। उनका सम्मान करना और देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है।
डीएम ने सेवानिवृत्त कार्मिकों के योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए उन्हें सामाजिक सेवा से जुड़े रहने, संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने तथा स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार और तनावमुक्त दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।
प्रशिक्षु आईएएस मनीषा ने कहा कि वरिष्ठजन हमारी असली पूँजी हैं। उनका अनुभव हमें सच्चाई और अच्छाई का मार्ग दिखाता है। वे समाज का दर्पण, भूत और वर्तमान के श्रेष्ठ विश्लेषक तथा युवा पीढ़ी के सच्चे मार्गदर्शक हैं। पीडी डीआरडीए एसएन चौरसिया ने कार्यक्रम की आवश्यकता और प्रासंगिकता को रेखांकित किया। वहीं, डीएसडब्ल्यूओ वंदना सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरकार की ओर से की जाने वाली सहायता और योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स उपस्थित रहे और उन्होंने सम्मान समारोह में शामिल होकर अपनी खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर वरिष्ठजन युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन देने तथा समाज में अपनी भूमिका निभाने के महत्व पर भी जोर दिया।