शादी का झांसा देकर दलित युवती से दुष्कर्म, बारात से पहले आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

फतेहपुर-बाराबंकी। कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के एक गांव में शादी का झांसा देकर दलित युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की 4 फरवरी को बारात जानी थी, लेकिन उससे पहले ही वह हवालात पहुंच गया।
23 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव का ही निवासी शिवकांत बीते एक वर्ष से उसे प्रेम जाल में फंसाकर शादी का वादा करता रहा और इस दौरान कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती के अनुसार इस दौरान वह गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने दवा देकर जबरन उसका गर्भपात करा दिया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करता रहा।
कुछ दिन पहले युवती को पता चला कि शिवकांत की शादी कहीं और तय हो चुकी है और 4 फरवरी को उसकी बारात जानी है। इसके बाद युवती के भाई ने पुलिस से संपर्क किया। पीड़िता की नामजद तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसमें गर्भपात कराए जाने की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस कार्रवाई से आरोपी के परिवार में हड़कंप मच गया है।