धूमधाम से निकला होली का पारंपरिक जुलूस, आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया पर्व


हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र में होली का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया गया। कस्बे में होली का पारंपरिक जुलूस पूरे हर्षोल्लास के साथ निकाला गया, जिसमें रंगों में सराबोर युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर नृत्य किया। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आई।
शाहाबाद क्षेत्र में होली का त्योहार छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कस्बे में हर वर्ष की तरह इस बार भी होली का पारंपरिक जुलूस नगर पालिका परिषद के निकट से दोपहर करीब एक बजे शुरू हुआ। जुलूस घास मंडी तिराहा, घंटाघर चौक होते हुए बालाजी मंदिर तक पहुंचा और वहीं से वापस लौटा।
जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवाओं ने रंग-गुलाल के साथ नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। पूरे मार्ग में लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान भाजपा के जिला महामंत्री सतेंद्र राजपूत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामनाथ त्रिपाठी, हरिनाथ त्रिपाठी, संजय तिवारी, मुन्नूलाल यादव और सिद्धार्थ त्रिवेदी मनू सहित कई गणमान्य लोग जुलूस में शामिल रहे।
जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस की टीम तैनात रही और पूरे मार्ग पर पुलिसकर्मी मुस्तैदी से ड्यूटी करते नजर आए। प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।