
शाहाबाद। #मिशन_शक्ति 5.0 के शुभारम्भ के अवसर पर आज अपने विधानसभा क्षेत्र शाहाबाद के ग्राम ऐगवां में नवनिर्मित स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्र का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ और बाल शक्ति को सशक्त बनाना तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित धात्री महिलाओं को पोषण किट प्रदान की गई और शिशुओं का अन्नप्राशन कर उनकी सेहत और पोषण पर ध्यान दिया गया। आंगनवाड़ी की बच्चियों को प्री-स्कूल किट वितरित की गई, जिससे उनकी प्रारंभिक शिक्षा और विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को उनके समर्पण और योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
राष्ट्रीय आजीविका मिशन की समूह दीदी बहनों को ऋण स्वीकृति पत्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया गया। स्वास्थ्य विभाग शाहाबाद की ANM और आशा बहुओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। पंचायती राज विभाग में कार्यरत बहनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके समाज सेवा के योगदान को सराहा गया। कृषि विभाग की ओर से महिला किसानों को तोरिया बीज की किट और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जिससे उनकी कृषि गतिविधियों को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में कर्तव्यनिष्ठ महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर मातृ शक्ति के महत्व और उनके साहस का सम्मान किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा, जि.प. सदस्य लालाराम राजपूत, SDM अंकित तिवारी, DDO कमलेश कुमार, DPRO विनय कुमार सिंह, DPO मनोज कुमार, BDO शाहाबाद दिनेश शर्मा, डॉ. प्रवीण दीक्षित, डॉ. नौमान उल्ला, मण्डल अध्यक्षगण अनुज राजपूत और अनिल पाण्डेय पिन्टू, प्रधान मजहर खाँ सहित अन्य प्रधानगण और गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिसमें बच्चों के लिए खेल और शिक्षा के उपकरण, डिजिटल कक्ष, स्वच्छता और स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। यह केन्द्र न केवल बच्चों और महिलाओं के लिए शिक्षा और पोषण का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण और मातृ शक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य भी करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत यह पहल महिलाओं और बच्चों के कल्याण, ग्रामीण विकास और सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने मातृ शक्ति के सम्मान और महिला सशक्तिकरण के महत्व पर जोर दिया।