
हरदोई। शाहबाद नगर में पिछले तीन दिनों से चली सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर और कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी की सक्रिय मध्यस्थता और सूझबूझ से समाप्त हो गई।
दरअसल, उधरनपुर मोहल्ले के एक निवासी और नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों के बीच साफ-सफाई को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल पर चले गए थे। हड़ताल के कारण नगर में गंदगी फैली और जनजीवन प्रभावित हुआ।
अधिकारियों ने हड़ताली कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ शांतिपूर्ण वार्ता की। कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कई बिंदुओं पर तत्काल समाधान का आश्वासन दिया गया। हड़ताल के दौरान शहर के कई मोहल्लों में कूड़े के ढेर लग गए थे, जिससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ गया था। स्कूल, अस्पताल और बाजारों में भी सफाई न होने के कारण असुविधा उत्पन्न हुई।
हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर की सफाई व्यवस्था पुनः बहाल हो गई। सफाई कर्मचारी संघ के नेता संजय बाल्मीकि ने बैठक के बाद कहा कि प्रशासन के सकारात्मक रवैये और आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने भविष्य में संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान की इच्छा भी जताई।