
शनिवार को एस. डी. पब्लिक स्कूल चौराहा, बिलग्राम में Annual Function 2026 के अंतर्गत प्रतिभा सम्मान समारोह एवं भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. कपिलदेव त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलग्राम-मल्लावां क्षेत्र के विधायक आशीष सिंह आशू ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कारों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिकता और परिश्रम के महत्व को समझने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा क्षेत्र के पत्रकारों को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कवि सम्मेलन में आमंत्रित कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत और आनंदमय बना दिया, जिससे उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।