सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह पहुंचे आगरा, रिटायर्ड डीएसपी के बेटे के निधन पर व्यक्त की शोक संवेदना

आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव आज दोपहर अचानक ताजनगरी पहुंचे। यहां उन्होंने रिटायर्ड डिप्टी एसपी सुरेंद्र सिंह चौहान के युवा बेटे के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।
शनिवार दोपहर लगभग 2.30 बजे शिवपाल सिंह यादव भगवान टॉकीज क्षेत्र स्थित चौहान परिवार के यहां पहुंचे। सपा नेता नितिन कोहली ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव का कार्यक्रम अचानक तय हुआ था, इसलिए उनके आगमन पर चुनिंदा कार्यकर्ता ही मौजूद रहे।
करीब आधा घंटा रुकने के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने सिर्फ शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस बीच नितिन कोहली से आगरा जिले की राजनीति और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की। शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद वे इटावा के लिए रवाना हो गए।