रामलीला समिति के तत्वावधान में निकली भव्य कलश यात्रा

रिपोर्ट : रजत गुप्ता (जसवंतनगर/इटावा)

जसवंतनगर (इटावा)। नगर की रामलीला समिति के तत्वावधान में मंगलवार को आगामी श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कलश यात्रा का शुभारंभ ध्वज पूजन और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों — सदर बाजार, छोटा चौराहा, जैन बाजार, कटरा पुख्ता होते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

समिति पदाधिकारियों में राजीव गुप्ता ‘बबलू’ अपनी पत्नी मेघा गुप्ता, अजेंद्र सिंह गौर अपनी पत्नी अंजू सिंह गौर, और राजीव माथुर अपनी पत्नी वंदना गुप्ता के साथ भागवत गीता लेकर यात्रा में शामिल हुए। कलश यात्रा में फिरोजाबाद से आई समाजसेविका रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं।

यात्रा में अनिल (अन्नू) गुप्ता, रतन पांडे, शुभ श्री गुप्ता, गोपाल गुप्ता सहित कई अन्य पदाधिकारी और भक्त शामिल हुए। यात्रा जब सदर बाजार पहुंची तो राजीव माथुर ने अपने प्रतिष्ठान पर पटका उड़ाकर और माल्यार्पण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

समिति ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ 8 अक्टूबर (बुधवार) दोपहर 1 बजे से होगा, जबकि समापन 13 अक्टूबर (सोमवार) शाम 5 बजे किया जाएगा। कथा के अंतिम दिन 14 अक्टूबर को पूर्णाहुति हवन और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

कथा वाचक के रूप में वृंदावन के प्रसिद्ध प्रवचनकार तनय कृष्ण मिश्रा अपनी मधुर वाणी में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन करेंगे और धर्म, भक्ति व सदाचार का संदेश देंगे।

रामलीला समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।