
Agra | Amar Bharti News | 03 November 2025
रुनकता। थाना सिकंदरा क्षेत्र में रविवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियाँ छीन लीं। दोनों ही घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पहली घटना आगरा-मथुरा हाईवे पर रुनकता फुट ओवरब्रिज के समीप की है, जहाँ मनीष कुमार (25 वर्ष), निवासी कोरई, किरावली की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। मनीष आगरा से अपने घर लौट रहे थे। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में माता-पिता, दो बहनें, पत्नी और दो छोटे बच्चे (चार माह व दो वर्ष के) हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
दूसरी घटना गांव खडवाई नहर के पास की है, जहाँ दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ। मृतक की पहचान ज्ञान सिंह (40 वर्ष), निवासी मागरौल जाट के रूप में हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में जांच की जा रही है।