
फतेहाबाद। श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अनुपम दृश्य शुक्रवार को फतेहाबाद में देखने को मिला, जब सोरों घाट से पवित्र गंगाजल लेकर दंडवत परिक्रमा करते हुए जयपाल भगत जी एवं श्री श्री 108 बाबा नरेश दास जी नगर में पहुंचे। संतों के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हो गए। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं ने चरण वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
बताया गया कि दोनों संत लगभग 25 दिन पूर्व सोरों घाट से गंगाजल लेकर अपनी कठिन धार्मिक यात्रा पर निकले हैं। वे दंडवत परिक्रमा करते हुए प्रतिदिन आगे बढ़ रहे हैं। इस तपस्या में संत एक स्थान पर दंडवत प्रणाम करते हैं, फिर उसी स्थान तक चलकर दोबारा दंडवत करते हुए आगे की ओर बढ़ते हैं। यह क्रम निरंतर जारी है, जो उनके अटूट संकल्प और गहरी आस्था को दर्शाता है।
स्थानीय ग्रामीण लला गुर्जर और बीपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संतजन यह पवित्र गंगाजल मध्य प्रदेश के मुरैना जिले स्थित बाबू महाराज धाम करजोनी में चढ़ाएंगे। यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समाज को भक्ति, त्याग और समर्पण का संदेश भी दे रही है।
फतेहाबाद पहुंचने पर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया। श्रद्धालुओं ने संतों के दर्शन कर उनकी सेवा की और यात्रा की सफलता के लिए मंगलकामनाएं कीं। विमल गुर्जर ने कहा कि ऐसे संतों का आगमन क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। संतों की यह तपस्या लोगों को धर्म और आध्यात्म की ओर प्रेरित कर रही है। भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।