
कासगंज। जनपद कासगंज में पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह द्वारा थाना ढोलना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेख, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति कक्ष का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय के अभिलेखों का अवलोकन करते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साथ ही सभी दस्तावेजों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया।
इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं आमजन की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने मौजूद पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने, ड्यूटी के प्रति सतर्क रहने और आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी। साथ ही बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।