
रिपोर्ट – राजेश सरकार, प्रयागराज
प्रयागराज। सेंट जॉन्स अकादमी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित वार्षिक समारोह रंगारंग सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रमों के साथ यादगार बन गया। समारोह में मुख्य अतिथि भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा के मुदित चंद्रा, निदेशक इनेस दंपती, प्रधानाचार्य डॉ. जेड रिज़वी, संकाय सदस्य, अभिभावक और भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत इरशाद अकबर के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा निखारने का सशक्त माध्यम हैं। सांस्कृतिक संध्या में नृत्य, नाटक और संगीत का ऐसा समागम देखने को मिला जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
‘द सिम्फनी ऑफ वर्चुज़’ थीम पर आधारित ‘रूट्स ऑफ विजडम’, ‘वॉयस एंड स्टेप्स ऑफ हार्मनी’, ‘हार्मनी फॉर ह्यूमैनिटी’ और ‘रिदम इन लाइट्स’ जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। रंग-बिरंगे परिधान, सधे हुए स्टेप्स और बच्चों का आत्मविश्वास पूरी शाम माहौल को जीवंत बनाए रहा।
हिंदी कवि सम्मेलन ‘हँसी के गुलगुले’ में बच्चों ने अपनी कविताएँ प्रस्तुत कर साहित्यिक रस घोल दिया। वरिष्ठ छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘बूढ़ी काकी’ ने सामाजिक संदेश के साथ अभिनय की उत्कृष्ट मिसाल पेश की। वहीं फैशन शो ‘कॉस्मिक कॉउचर’ में बच्चों ने संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता का सुंदर मेल प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि मुदित चंद्रा ने छात्रों को समग्र शिक्षा अपनाने, अनुशासन, निष्ठा और उत्कृष्टता की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं।
सांस्कृतिक रंगों, संगीत और प्रस्तुति कौशल से सजी यह शाम छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए अविस्मरणीय साबित हुई।