
लखनऊ। उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक बड़े आतंकवाद रोधी अभियान के तहत पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े आतंकी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार यह गिरोह टेलीग्राम, सिग्नल और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स के संपर्क में रहकर भारत में आतंकी गतिविधियां अंजाम देने की योजना बना रहा था। गिरोह का मुख्य सरगना साकिब उर्फ फैजल, जो मेरठ का निवासी और पेशे से नाई बताया जा रहा है।
देश की महत्वपूर्ण संस्थाओं और सार्वजनिक स्थानों पर हमले की साजिश
पुलिस की जांच में यह सामने आया कि आरोपी देश के महत्वपूर्ण संस्थानों, रेलवे सिग्नल बॉक्स, वाहनों और राजनीतिक हस्तियों की रेकी कर इनकी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजते थे। इसके अलावा, गैस सिलेंडर और ट्रकों में आग लगाकर दहशत फैलाने की योजना बनाई जा रही थी। आरोपियों ने कुछ स्थानों पर छोटी आगजनी की घटनाएं भी अंजाम दीं और उनके वीडियो को साझा कर क्यूआर कोड के जरिए पैसे प्राप्त किए।
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर बड़ा हमला टला
एटीएस को सूचना मिली थी कि 2 अप्रैल 2026 को लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई गई है। कार्रवाई से पहले ही एटीएस की टीम मौके पर पहुंचकर साकिब, विकास, लोकेश और अरबाब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ज्वलनशील पदार्थ, सात मोबाइल फोन, पर्चे और आधार कार्ड बरामद किए। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और विस्तृत जांच चल रही है।