
सूरतगंज, बाराबंकी।रामनगर कोतवाली क्षेत्र के बसंतपुर में शनिवार सुबह 50 वर्षीय श्याम सुंदर पुत्र उदित नारायण का शव गांव के बाहर एक बाग में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। सूचना मिलने पर रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
परिजनों का आरोप है कि श्याम सुंदर शुक्रवार सुबह दीपक, गुड्डू और अन्य के साथ घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। शव मिलने के बाद परिवार ने तीन लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। मृतक का मोबाइल फोन घटनास्थल के दूसरे छोर के अरहर के खेत में बरामद हुआ है।
रामनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।