
बहराइच। इण्डिया एक्सपो सेन्टर-मार्ट, ग्रेटर नोयडा में आयोजित यू.पी. इन्टरनेशनल ट्रेड शो-2025 के अंतर्गत गेंद घर मैदान में 09 से 18 अक्टूबर 2025 तक चल रहे स्वदेशी मेले में चार लाभार्थियों को कुल 48 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, पूर्व सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जितेन्द्र त्रिपाठी और विधानसभा प्रभारी गौरव वर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मेले में लगे स्टालों का अवलोकन से हुई। पं. शिवबंश मिश्रा द्वारा भजन की भक्तिमय प्रस्तुति दी गई और नटराज ग्रुप के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
ओ.डी.ओ.पी. योजना के तहत सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा शिरीश चन्द्र अग्रवाल को आयल मिल के लिए 8 लाख रुपये, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा रविकान्त त्रिपाठी को शटरिंग और बिल्डिंग मटीरियल हेतु 10 लाख रुपये, इंडियन बैंक द्वारा अनूप कुमार मिश्रा को पेंट निर्माण हेतु 25 लाख रुपये और एहतेशाम अहमद को बैग निर्माण हेतु 5 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक राम निवास वर्मा ने लाभार्थियों को डेमो चेक वितरित किए और आमजन को प्रेरित किया कि वे दिवाली महापर्व के अवसर पर स्थानीय स्तर पर उत्पादित स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प “स्वदेशी अपनाएं, देश को आत्मनिर्भर बनाएं” को अमलीजामा पहनाएं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक और कवि संतोष सिंह ने किया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा, लीड बैंक प्रबंधक जितेन्द्र मसंद, जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक, उद्यमी, व्यापारी और आमजन उपस्थित रहे।