
पीलीभीत। गुरुवार को 128 विधानसभा क्षेत्र बरखेड़ा में विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने दीपावली के पावन अवसर पर जनता और कार्यकर्ताओं के साथ भेंट की और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर लोगों को प्रसन्न किया।
स्वामी महाराज ने अपनी पारंपरिक जनसेवा और अपनापन की छवि को बरकरार रखते हुए सैकड़ों लोगों की जनसुनवाई की। उन्होंने उपस्थित जनता की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद महाराज ने स्वयं सभी उपस्थित लोगों के लिए जलपान और विविध पकवानों की व्यवस्था कर सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
श्री परम अक्रियधाम आश्रम, खमरिया पुल स्थित कार्यालय में महाराज ने 128 विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारीगणों और सेक्टर संयोजकों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को मिठाइयां वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा,
“प्रभु श्रीगणेश जी और माता श्रीलक्ष्मी जी आप पर कृपा करें। दीपावली के पावन अवसर पर आप सभी के जीवन को प्रकाश और नई ऊर्जा प्रदान करें।”
जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान स्वामी महाराज ने जनता की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया। भक्तजन आश्रम में आकर प्रसाद ग्रहण किया और स्वामी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों और संयोजकों ने महाराज का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया। सभी ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर दीपावली का उल्लास मनाया।
इस अवसर पर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कार्यकर्ताओं को क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और सेवा भाव, सौहार्द और एकता बनाए रखने की प्रेरणा दी।