
कुशीनगर। मानव समाज को अज्ञान, अधर्म और अवनति के अंधकार से निकालकर कल्याण, सत्य और सद्भाव के उजास पथ पर ले जाने के लिए युग-युग में महान आत्माओं का अवतरण होता रहा है। ऐसी ही युगद्रष्टा विभूति थे स्वामी विवेकानंद, जिन्होंने अपने विचारों, चरित्र और कर्म से न केवल भारत, बल्कि सम्पूर्ण विश्व को मानवता, राष्ट्रधर्म और आत्मगौरव का अमर संदेश दिया। स्वामी विवेकानंद का जन्म उस कालखंड में हुआ, जब भारत विदेशी दासता की जंजीरों में जकड़ा था और राष्ट्र की अस्मिता संकट में थी। ऐसे कठिन समय में उन्होंने युवाओं में आत्मविश्वास, आत्मबल और राष्ट्रभक्ति की नई चेतना का संचार किया।
यह विचार पूर्व विधायक एवं जीवन ज्योति जागृति मिशन के अध्यक्ष नंद किशोर मिश्र ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 12 जनवरी को तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के तरया लच्छीराम गांव में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
नंद किशोर मिश्र ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत माता की जीवंत प्राणशक्ति थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश, धर्म और मानवता की सेवा को समर्पित कर दिया। वे केवल संन्यासी नहीं, बल्कि संस्कृति, दर्शन, शिक्षा और राष्ट्रनिर्माण के महान आचार्य थे। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने बताया कि जीवन ज्योति जागृति मिशन के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती वर्ष 1999 से निरंतर श्रद्धा और वैचारिक चेतना के साथ मनाई जा रही है। तरया लच्छीराम स्थित मंदिर परिसर में श्री रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा एवं स्वामी विवेकानंद के पावन विग्रह विराजमान हैं, जो आध्यात्मिक साधना और संस्कार निर्माण का केंद्र हैं। यहां स्वामी विवेकानंद पुस्तकालय एवं वाचनालय का संचालन किया जा रहा है, वहीं ‘परमहंस विद्याभवन’ के माध्यम से पहली से आठवीं कक्षा तक आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है।
श्री मिश्र ने बताया कि 12 जनवरी को आयोजित जन्म जयंती कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, मुख्य मार्गदर्शक के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, क्षेत्रीय सांसद विजय दूबे सहित जिले के सभी विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद जन्म जयंती गोष्ठी में अधिक से अधिक लोगों से उपस्थित होकर युवाओं को प्रेरित करने का आह्वान किया।