थाना समाधान दिवस: डीएम-एसपी ने सुनी समस्याएं, दिए निस्तारण के निर्देश

लखीमपुर खीरी, 13 सितंबर। जिले के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें पुलिस और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई कर शिकायतों का निस्तारण कराया गया।

थाना खीरी में आयोजित कार्यक्रम में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने फरियादियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर विवादित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि राजस्व और पुलिस से संबंधित शिकायतों का निस्तारण आपसी सामंजस्य से सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गंभीर मामलों में तत्काल एसडीएम और तहसीलदार को अवगत कराकर समाधान सुनिश्चित कराया जाए।

थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष सहित राजस्व और पुलिस के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे।