थानाध्यक्ष ने छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा का दिया आश्वासन

हरदोई सुरसा, 4 अक्टूबर 2025।
सनेही देवी विषय करण इंटर कॉलेज, दहिंगवां में शनिवार को महिला सशक्तिकरण फेज-5 कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस ने छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा, अधिकारों और साइबर क्राइम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इस अवसर पर सुरसा थानाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्रा ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं को अपने अधिकारों को समझना बहुत जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि किसी भी स्थिति में वे कमजोर न महसूस करें और छोटी-छोटी बातों को लेकर सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपने परिवार की महिलाओं को भी जागरूक करना चाहिए और किसी भी प्रकार की घटनाओं का सामना न सहें, बल्कि उसका विरोध करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विपत्ति या परेशानी की स्थिति में हमेशा पुलिस की मदद ली जा सकती है।

महिला आरक्षी स्नेहलता शुक्ला ने कहा कि स्कूल में पढ़ने वाली छात्राएं अक्सर घटनाओं को अपने घर पर साझा नहीं करती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे जागरूक रहें, किसी भी समस्या की जानकारी अपने स्वजन को दें और जरूरत पड़ने पर पुलिस से मदद लें। जागरूक रहने से निश्चित रूप से अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

उपनिरीक्षक रामदास ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें शामिल हैं:

1090 – वूमन पावर लाइन

181 – महिला हेल्पलाइन

1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

112 – पुलिस हेल्पलाइन

1098 – चाइल्ड लाइन

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात या संकट की स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों से तुरंत सहायता ली जा सकती है।

कार्यक्रम में महिला आरक्षी शीलू, कॉलेज के प्रधानाचार्य रामनरेश पाल, अध्यापक मनोज कुमार, मंजेश यादव, ओम नारायण अग्निहोत्री, अखिलेश कुमार शुक्ला, मनोज कुमार यादव, और पेशकार सिंह भी उपस्थित रहे।

यह जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं और महिलाओं को सशक्त और सतर्क बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिससे वे अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहें और समाज में सक्रिय भूमिका निभा सकें।