
हरदोई। यातायात माह के तहत पचदेवरा पुलिस द्वारा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व पचदेवरा थानाध्यक्ष शिवनरायन सिंह ने किया।
रैली में बृजराज सिंह इंटर कॉलेज अनंगपुर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस टीम और बच्चों ने अनंगपुर क्षेत्र में रूट मार्च कर लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की—
बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट गाड़ी न चलाएं।
ई-रिक्शा व ऑटो चालक निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं, अन्यथा वाहन सीज़ किया जाएगा।
शराब के नशे में वाहन न चलाएं।
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन न दें।
पुलिस द्वारा सभी को यातायात नियमों की महत्ता समझाई गई तथा सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
रैली के माध्यम से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।