यूपी बोर्ड की परीक्षाएं कल से शुरू, सभी तैयारियां पूरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं कल से शुरू होंगी। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
प्रदेशभर में कुल 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और 3984 स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
संस्थागत परीक्षार्थियों की संख्या 52,42,235 तथा व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की संख्या 95,543 है। हाईस्कूल में कुल 27,61,696 परीक्षार्थी हैं, जिनमें 27,50,862 संस्थागत और 10,834 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं। इंटरमीडिएट में 25,76,082 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 24,91,373 संस्थागत और 84,709 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं।
18 जिले संवेदनशील घोषित
आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, हरदोई, कन्नौज, आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया और गोंडा को संवेदनशील घोषित किया गया है।
222 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील
सभी 8033 परीक्षा केंद्रों पर वॉइस रिकॉर्डर युक्त दो सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीवीआर और हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्शन की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक, एक बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेगा। इसके अतिरिक्त 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 427 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
नकल रोकने के लिए 69 मंडलीय तथा 440 जनपदीय सचल दल गठित किए गए हैं। 75 जनपद स्तरीय और 18 वरिष्ठ अधिकारियों को मंडल स्तरीय पर्यवेक्षक के रूप में नामित किया गया है।
लखनऊ में शिक्षा निदेशक के शिविर कार्यालय तथा प्रयागराज स्थित माध्यमिक शिक्षा परिषद मुख्यालय में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इसके अलावा सभी 75 जनपदों में भी जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
इस वर्ष सभी विषयों के प्रश्नपत्रों के साथ रिजर्व सेट्स की भी व्यवस्था की गई है। उत्तर पुस्तिकाओं की अदला-बदली रोकने के लिए चार रंग की उत्तर पुस्तिकाएं तैयार की गई हैं, जिन पर परिषद का लोगो अंकित रहेगा।