
लखनऊ: उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य आयोजन राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यूपी दिवस का आयोजन 24 जनवरी से 26 जनवरी तक प्रदेश भर में भव्य रूप से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन केवल प्रदेश के सभी जनपदों में ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों और उन देशों में भी किया जाए, जहां उत्तर प्रदेश के निवासी बड़ी संख्या में रहते हैं, ताकि प्रदेश की संस्कृति, उपलब्धियों और पहचान को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माघ मेले को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माघ मेले में सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, श्रद्धालुओं की सुविधाएं और समुचित सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नियमित रूप से जनता की शिकायतें सुनने और उनका समयबद्ध व प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि शासन-प्रशासन पर लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।